Rain Alert: राजस्थान के इन 4 जिलों में IMD ने दिया बारिश का येलो अलर्ट; पढ़े पूरी खबर

राजस्थान में पश्चिमी गर्म हवाओं के प्रभाव से भीषण गर्मी का दौर जारी है। शुक्रवार को जयपुर समेत कई जिलों में तेज धूप और लू का असर देखने को मिला। प्रदेश के 7 शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि 8 शहरों में पारा 42 डिग्री के पार रहा। सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 44.1 डिग्री दर्ज किया गया।
इन जिलों में 3 घंटे का येलो अलर्ट:-
मौसम विभाग ने सीकर, चूरू, झुंझुनूं और नागौर सहित आसपास के इलाकों में अल्पकालिक येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की बारिश, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और 30–40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
लू को लेकर 15 जिलों में चेतावनी?:-
मौसम विभाग ने अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, फलौदी और श्रीगंगानगर में उष्ण लहर का येलो अलर्ट जारी किया है।
कल से बदल सकता है मौसम:-
मौसम विभाग ने कल से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और जोधपुर संभाग में बारिश की संभावना जताई है। साथ ही मेघगर्जन के साथ वज्रपात और झोंकदार तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
देश के सबसे गर्म शहरों में शुमार श्रीगंगानगर:-
प्रदेश में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। जयपुर समेत कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। श्रीगंगानगर में 43.9 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जिससे यह देश के सबसे गर्म शहरों में शामिल रहा।
मौसम केंद्र के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री के बीच बना हुआ है, जो सामान्य के आसपास है। हालांकि रविवार से बीकानेर, गंगानगर और हनुमानगढ़ में 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना है। साथ ही उत्तरी और पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे पारा दो से तीन डिग्री गिरेगा, जो लू से अस्थायी लेकिन जरूरी राहत प्रदान करेगा।