पत्नी को बचाने के प्रयास में पति की भी गई जान, कुंड में डूबने से दंपती की मौत

post 979

पत्नी को बचाने के प्रयास में पति की भी गई जान, कुंड में डूबने से दंपती की मौत

Rajasthan News: चुरू, तारानगर कस्बे के पास स्थित गांव किरसाली कांधलान में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में नवविवाहित दंपती की मौत हो गई। खेत में बने कुंड से पानी निकालते समय पत्नी के फिसलकर गिरने और उसे बचाने पहुंचे पति का भी पैर फिसल गया जिससे वह भी कुंड में गिर गया और पानी में डूबने से दोनों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार पप्पूराम पुत्र छोटूराम, निवासी किराड़ा बड़ा हाल ढाणी, लक्ष्मणसिंह राजपूत के खेत को हिस्सेदारी में लेकर काश्त करता है। वह पिछले करीब दो वर्षों से अपने परिवार सहित खेत में बनी ढाणी में रह रहा है। रविवार सुबह करीब 11 बजे पप्पूराम, उसका पुत्र सुनील और बहू पूनम खेत में चने की फसल की निराई-गुड़ाई कर रहे थे।

इसी दौरान सुनील की पत्नी पूनम खेत में बने कुंड से पानी निकालने गई। पानी निकालते समय उसका पैर फिसल गया और वह कुंड में गिर पड़ी। पत्नी की आवाज सुनकर सुनील उसे बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन कुंड के पास फिसलन के कारण उसका भी संतुलन बिगड़ गया और वह भी कुंड में जा गिरा। गहरे पानी में डूबने से पति-पत्नी दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की आवाज सुनकर पप्पूराम, उसकी पत्नी और आसपास खेतों में काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से परिजनों ने दोनों शवों को कुंड से बाहर निकाला और तारानगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया। मृतक सुनील के पिता पप्पूराम की रिपोर्ट के आधार पर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

You may have missed