Gold Silver Price Today: सोने-चांदी में जोरदार उछाल, जानें आज की नई कीमतें

post 1672 (1)

Gold Silver Price Today: बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में तेज बढ़त दर्ज की गई है। घरेलू वायदा बाजार में भी दोनों कीमती धातुएं मजबूती के साथ कारोबार करती नजर आईं। शुरुआती कारोबार में एमसीएक्स पर सोना 0.96 फीसदी यानी 1,459 रुपये चढ़कर 1,53,130 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।

वैश्विक स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव का असर कीमतों पर देखने को मिल रहा है। शांति वार्ता की कोशिशें सफल नहीं होने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ सीजफायर को आगे बढ़ाने की बात कही है। हालांकि, यूएस-ईरान तनाव के दौरान अब तक सोने की कीमतों में 10 फीसदी से अधिक की गिरावट भी देखी जा चुकी है।

ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि जब तक ईरान कोई ठोस प्रस्ताव नहीं रखता और बातचीत आगे नहीं बढ़ती, तब तक बड़े हमलों को टाला जाएगा। वहीं, ईरान के पोर्ट्स पर अमेरिकी नाकेबंदी जारी है। जवाब में ईरान ने भी स्पष्ट किया है कि जब तक यह नाकेबंदी खत्म नहीं होती, तब तक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोला जाएगा।

चांदी में भी जबरदस्त तेजी:-

सोने के साथ ही चांदी की कीमत में भी आज भारी तेजी देखी जा रही है। एमसीएक्स पर शुरुआती कारोबार में चांदी 1.57 फीसदी यानी 3,842 रुपये बढ़कर 2,48,543 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड करती दिखी।

वैश्विक बाजार में भी तेजी:-

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती बनी हुई है। कॉमेक्स पर सोना 1.12 फीसदी यानी 53 डॉलर की बढ़त के साथ 4,772.60 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। वहीं स्पॉट गोल्ड 0.83 फीसदी यानी 38.99 डॉलर चढ़कर 4,759.03 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता नजर आया।

चांदी की वैश्विक कीमतों में भी तेजी दर्ज की गई। कॉमेक्स पर चांदी 1.86 फीसदी यानी 1.44 डॉलर बढ़कर 78.48 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई, जबकि स्पॉट सिल्वर 1.66 फीसदी यानी 1.28 डॉलर की बढ़त के साथ 78 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा।