पूगल : संदिग्ध हादसे में स्कूटी सवार गंभीर घायल, ड्रोन ड्रॉपिंग से जुड़े मामले की आशंका

पूगल, पूगल थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक संदिग्ध हादसे ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी। खाजूवाला-पूगल सड़क मार्ग पर आर्मी टावर फांटे के पास स्कूटी सवार युवक गंभीर घायल अवस्था में मिला, जिसे तुरंत पीबीएम अस्पताल बीकानेर में भर्ती कराया गया।

घटना के बाद जब पुलिस ने घायल युवक के बैग की तलाशी ली, तो उसमें से तीन पैकेट हेरोइन मौके से बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में मामला सीमा पार से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थ गिराए जाने (ड्रोन ड्रॉपिंग) से जुड़ा माना जा रहा है।
घायल युवक की पहचान पाली निवासी खेताराम के रूप में हुई है। ऐसा अंदेशा लगाया जा रहा है कि युवक सुबह स्कूटी से हेरोइन लेकर जा रहा था, तभी अचानक आगे पशु आने से सम्भवतः उसका संतुलन बिगड़ गया और हादसा हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीवाईएसपी अमरजीत चावला और पूगल थानाधिकारी समरवीर सिंह मौके पर पहुंचकर जांच में जुटे हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे घटनाक्रम को ड्रोन तस्करी से जोड़कर गहन पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हेरोइन के स्रोत व तस्करी नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास जारी है।