Good News: राजस्थान के 2.17 करोड़ किसानों को बड़ी राहत, पढ़े खबर

जयपुर। राजस्थान सरकार ने किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2025 सीजन के लिए 1150.04 करोड़ रुपए की राज्यांश अनुदान राशि जारी कर दी है। कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने बताया कि इस फैसले से राज्य के करीब 2.17 करोड़ पंजीकृत बीमित किसानों को सीधा फायदा मिलेगा और उन्हें प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान के खिलाफ मजबूत सुरक्षा मिलेगी।
कृषि मंत्री ने कहा कि खरीफ 2025 के अंतर्गत किसानों के लगभग 2237 करोड़ रुपए के बीमा दावों का जल्द और प्राथमिकता के आधार पर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। इससे प्रभावित किसानों को समय पर आर्थिक राहत मिल सकेगी, जो उनकी आय और आर्थिक स्थिरता के लिए अहम होगी। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार दावों के निपटान को पारदर्शी और तेज बनाने के लिए तकनीक का अधिक उपयोग कर रही है।
हर चरण पर मिलती है सुरक्षा:-
फसल बीमा योजना के तहत किसानों को कई प्रकार के जोखिमों से सुरक्षा मिलती है। इसमें बुआई विफल होने की स्थिति, खड़ी फसल को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाला नुकसान, और कटाई के बाद 14 दिनों तक के पोस्ट-हार्वेस्ट नुकसान को भी शामिल किया गया है। इससे किसानों को खेती के हर चरण में सुरक्षा कवच मिलता है।
आंकड़ों के अनुसार, खरीफ 2025 में किसानों ने करीब 466.14 करोड़ रुपए का प्रीमियम जमा कराया है। वहीं किसानों पर बोझ कम करने के लिए राज्य और केंद्र सरकार ने 1150.04-1150.04 करोड़ रुपए का प्रीमियम अनुदान दिया है। इससे कम प्रीमियम में व्यापक बीमा कवर उपलब्ध हो रहा है।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें जोखिमों से सुरक्षित रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा जताया कि योजना को और प्रभावी बनाकर अधिक से अधिक किसानों तक इसका लाभ पहुंचाया जाएगा।