Crime News: खुद को पुलिसकर्मी बताकर 25 हजार छीने, अपहरण कर ऑनलाइन व एटीएम से और लिए 50 हजार रुपए

post 1585 (1)

नागौर जिले में एक व्यक्ति ने डीएसटी से जुड़े एक पुलिसकर्मी सहित चार लोगों के खिलाफ लूट, अपहरण और जबरन वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित ने इस संबंध में जिला पुलिस अधीक्षक नागौर और भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। साथ ही ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और एटीएम से निकासी के मैसेज की तस्वीरें भी साक्ष्य के तौर पर पेश की हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में नागौर डीएसटी से जुड़े मामलों में विवाद सामने आए थे। कुछ दिन पहले एक हिस्ट्रीशीटर से लेनदेन के आरोप में एसपी रोशन मीणा ने तीन कांस्टेबलों को निलंबित कर बाकी टीम को लाइन हाजिर किया था। वहीं अवैध बजरी के ट्रकों को बिना कार्रवाई छोड़े जाने का मामला भी चर्चा में रहा। इसी बीच यह नया मामला सामने आने से विभाग में हलचल बढ़ गई है। एसपी ने शिकायत मिलते ही जांच की जिम्मेदारी प्रशिक्षु आईपीएस जतिन जैन को सौंपी है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है पूरा मामला:-

मुण्डासर निवासी पीड़ित नरपत राम के अनुसार, 17 अप्रैल की रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच वह मोटरसाइकिल से छीला से नागौर की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक कार उसके पास आकर रुकी, जिसमें चार लोग सवार थे। कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी। आरोप है कि चारों ने खुद को डीएसटी बीकानेर और नोखा से जुड़ा बताते हुए पूछताछ के बहाने उसे गाड़ी में बैठने को कहा। विरोध करने पर उसे जबरन कार में बैठाकर छीला की ओर ले जाया गया।

पीड़ित का आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और उसका मोबाइल फोन व 25,400 रुपए नकद छीन लिए गए। इसके बाद आरोपियों ने उससे 2 लाख रुपए की मांग की और धमकी दी कि पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसा देंगे या जान से मार देंगे। जब उसने असमर्थता जताई तो कम से कम 1 लाख रुपए देने का दबाव बनाया गया।

पीड़ित के अनुसार, उसने अपनी मां को फोन कर पैसे मंगवाए। इसके बाद परिचित के जरिए उसके खाते में 30 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए। आरोप है कि आरोपियों ने उससे जबरन वीडियो भी बनवाया, जिसमें उससे अवैध गतिविधियों में संलिप्त होने की बात कहलवाई गई, और धमकी दी कि जरूरत पड़ने पर वीडियो का इस्तेमाल कर फंसा देंगे।

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपियों ने पीड़ित को नोखा स्थित एसबीआई एटीएम पर ले जाकर उसके खाते से 30 हजार रुपए निकलवाए और कुछ राशि ऑनलाइन ट्रांसफर भी करवाई। पीड़ित ने एक हैड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल सहित कुछ व्यक्तियों के नाम भी शिकायत में दर्ज किए हैं। आरोपियों द्वारा पिस्तौल दिखाकर धमकाने का भी जिक्र किया गया है।

पीड़ित का कहना है कि देर रात करीब एक बजे उसे नोखा-नागौर रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास छोड़कर आरोपी फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी।