दिल दहला देने वाली वारदात: मां ने चार साल की बेटी की गला दबाकर की हत्या, खुद हाथ काटकर किया आत्महत्या का प्रयास

post 1601 (1)

राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपनी चार वर्षीय बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

सुबह दरवाजा खुलते ही सामने आया खौफनाक मंजर:-

परिजनों को घटना की जानकारी उस समय मिली, जब सुबह करीब 6 बजे बच्चों को स्कूल भेजने के लिए आवाज लगाई गई। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर जब कमरे का दरवाजा खोला गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए।

मां घायल, बच्ची अचेत अवस्था में मिली:-

कमरे के अंदर मां शीला सैनी घायल अवस्था में पाई गई, जिसके दोनों हाथों पर धारदार हथियार से कट के निशान थे। वहीं चार साल की बच्ची गरीमा सैनी अचेत अवस्था में पड़ी थी और उसके गले पर चोट के निशान नजर आए।

अस्पताल में बच्ची को किया मृत घोषित:-

परिजन तुरंत मां और बच्ची को राजगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। वहीं महिला को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में अलवर रेफर किया गया है।

पुलिस जांच में जुटी, कारणों की तलाश जारी:-

घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है और पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल घटना के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।