Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर, माउंट आबू में तापमान शून्य पर पहुंचा, आज 13 जिलों में येलो अलर्ट
Weather Update: राजस्थान में कड़ाके की सर्दी का कहर, माउंट आबू में तापमान शून्य पर पहुंचा, आज 13 जिलों में येलो अलर्ट
Weather Update: जयपुर, मावठ के बाद अब प्रदेश में सर्दी ने अपना असर तेज कर दिया है। नए साल में पहली बार तापमान शून्य डिग्री तक पहुंच गया है। हिल स्टेशन माउंट आबू में पारा जमाव बिंदु पर पहुंचने से कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। वहीं मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के 13 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को राजस्थान के करीब 15 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह के समय शेखावाटी अंचल में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। बीते 24 घंटों में तापमान में तेज गिरावट देखने को मिली। जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 7.7, बीकानेर में 7.8, अजमेर में 9.9, जयपुर में 11.8 और बाड़मेर में 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बारिश के बाद रात के तापमान में सामान्य से करीब सात डिग्री तक गिरावट आई है।
माउंट आबू शुक्रवार को प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान अचानक गिरकर शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके चलते खुले इलाकों, वाहनों की छतों, खेतों, पेड़-पौधों और सोलर पैनलों पर बर्फ की सफेद परत जम गई।
भीषण सर्दी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह देर तक लोग घरों और होटलों में दुबके रहे। ठंड से बचने के लिए लोग भारी ऊनी कपड़े पहने नजर आए और कई स्थानों पर अलाव जलाते दिखे। अधिकतम तापमान में मामूली बढ़ोतरी के साथ यह 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने आज अलवर, भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, सीकर, चूरू, हनुमानगढ़, डीडवाना-कुचामन और श्रीगंगानगर में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। साथ ही आगामी दो दिनों में तापमान में तीन डिग्री तक और गिरावट की संभावना जताई गई है।