Accident: घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा, 48 यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी, मौके पर मची चीख-पुकार
Accident: घने कोहरे के कारण बड़ा हादसा, 48 यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरी, मौके पर मची चीख-पुकार
कोटा: राजस्थान के अधिकांश जिलों में शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन के साथ यातायात भी प्रभावित हुआ। कोहरे के कारण नागौर के बाद अब कोटा में बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। कोटा–झालावाड़ हाईवे पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6 बजे नेशनल हाईवे-52 पर कसार गांव के पास हुआ। घने कोहरे की वजह से बस चालक को सामने का रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया और बस नियंत्रण खो बैठी। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के समय बस में सवार अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने का अवसर नहीं मिला। बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि बस बीकानेर से भोपाल की ओर जा रही थी और उसमें कुल 48 यात्री सवार थे। हादसे के बाद करीब 20 मिनट तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को इलाज के लिए कोटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।