खाजूवाला क्षेत्र में ओवरलोड बसों का कहर, सवारियों की जान जोखिम में

R.खबर ब्यूरो। खाजूवाला, उपखंड क्षेत्र में चल रही बसों में ओवरलोडिंग का मामला लगातार सामने आ रहा है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। मोहनगढ़-नाचना से वाया खाजूवाला होते हुए श्रीगंगानगर जाने वाली बसों में क्षमता से कहीं अधिक सवारियां बैठाई जा रही हैं। हालात यह हैं कि यात्रियों को भेड़-बकरियों की तरह ठूंस-ठूंसकर बसों में भरा जा रहा है।
ताजुब की बाद यह है कि यह बसे उपखंड अधिकारी कार्यालय, राजस्व तहसील, पुलिस थाना व उपपुलिस अधीक्षक कार्यालय के आगे से प्रतिदिन दर्जनों की संख्या से निकलती है लेकिन फिर भी कोई कार्रवाई नही होती है।
स्थानीय लोगों व यात्रियों का कहना है कि इन बसों में बैठने की तो बात दूर, खड़े रहने की भी जगह नहीं मिलती। कई बार यात्रियों को बस के गेट पर लटककर सफर करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बावजूद इसके, जिम्मेदार विभाग इस ओर कोई ठोस कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है।
ग्रामीण क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों के लिए ये बसें ही मुख्य साधन हैं, जिसका फायदा उठाकर बस संचालक नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं। यात्रियों का आरोप है कि ओवरलोडिंग के चलते कई बार बसों का संतुलन बिगड़ जाता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया जाए और ओवरलोडिंग करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही नियमित जांच अभियान चलाकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।