Breaking News: SI भर्ती 2021 पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, सिंगल बेंच के फैसले पर लगाई मुहर

post 1351 (1)

जयपुर। राजस्थान हाईकोर्ट ने शनिवार को सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती 2021 मामले में बड़ा फैसला सुनाते हुए भर्ती परीक्षा को रद्द रखने के सिंगल बेंच के निर्णय को बरकरार रखा है। हाईकोर्ट की डिविजन बेंच, जिसकी अध्यक्षता एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव प्रकाश शर्मा ने की, ने स्पष्ट किया कि SI भर्ती 2021 अब रद्द ही रहेगी।

हालांकि, कोर्ट ने सिंगल बेंच द्वारा राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के सदस्यों के खिलाफ लिए गए स्वप्रेरित संज्ञान (सुओ मोटू) को निरस्त कर दिया है।

भर्ती रद्द रहना तय:-

मामले में पैरवी कर रहे अधिवक्ता हरेंद्र नील के अनुसार, खंडपीठ ने माना कि परीक्षा प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं और अब अभ्यर्थियों की छंटनी या निष्पक्ष चयन संभव नहीं है। ऐसे में पूरी भर्ती प्रक्रिया को रद्द रखना ही उचित है।

भर्ती प्रक्रिया का पूरा विवरण:-

  • 3 फरवरी 2021 को नोटिफिकेशन जारी।
  • 859 पदों के लिए 13 से 15 सितंबर 2021 तक परीक्षा।
  • करीब 7.97 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया।
  • 3.80 लाख अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में शामिल हुए।
  • 20,359 अभ्यर्थी फिजिकल टेस्ट के लिए चयनित।
  • 3,291 अभ्यर्थी इंटरव्यू में पहुंचे।
  • 1 जून 2023 को फाइनल रिजल्ट जारी हुआ।

धांधली के आरोपों से घिरी रही परीक्षा:-

इस भर्ती परीक्षा में बड़े स्तर पर गड़बड़ी और पेपर लीक के आरोप सामने आए थे, जिसके बाद जांच स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को सौंपी गई। जांच के दौरान RPSC के सदस्यों तक के नाम सामने आए और मामला राजनीतिक रूप से भी काफी गरमाया।

इस मामले में RPSC सदस्य रामूराम राईका और बाबूलाल कटारा की गिरफ्तारी भी हुई।

कोर्ट में लंबी कानूनी लड़ाई:-

  • 13 अगस्त 2024 को भर्ती रद्द करने की याचिका दायर।
  • 28 अगस्त 2025 को सिंगल बेंच ने भर्ती रद्द की।
  • चयनित अभ्यर्थियों ने डिविजन बेंच में चुनौती दी।
  • 8 सितंबर को खंडपीठ ने अंतरिम रोक लगाई।
  • 24 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट ने सिंगल बेंच का फैसला बहाल किया।
  • साथ ही 3 महीने में निर्णय देने का निर्देश दिया।
  • चयनित अभ्यर्थियों की फील्ड पोस्टिंग पर भी रोक लगाई गई।

अब ताजा फैसले के साथ साफ हो गया है कि SI भर्ती 2021 पूरी तरह रद्द रहेगी, जिससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर बड़ा असर पड़ेगा।