ACB Action: नए साल पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई, उद्योग केंद्र का यूडीसी 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप
ACB Action: नए साल पर एसीबी की बड़ी कार्रवाई, उद्योग केंद्र का यूडीसी 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते ट्रैप
ACB Action : नए साल 2026 के पहले ही दिन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने सवाई माधोपुर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसीबी ने गुरुवार को जिला उद्योग केंद्र कार्यालय में तैनात यूडीसी सूर्य प्रकाश नामा को 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
आरोपी पर सरकारी सब्सिडी जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। एसीबी के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी सवाई माधोपुर को इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके पिता और भाइयों के नाम जिला उद्योग केंद्र से डॉ. भीमराव अंबेडकर दलित प्रोत्साहन योजना के तहत स्वीकृत तीन दुकानों की सब्सिडी एवं ब्याज अनुदान राशि जारी करने की एवज में आरोपी 30 हजार रुपए की मांग कर रहा था।
शिकायत के बाद 24 दिसंबर 2025 को रिश्वत मांग का गोपनीय सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। जांच के दौरान 30 हजार रुपए में से 25 हजार रुपए लेने पर सहमति बनी।
इसके बाद एसीबी भरतपुर रेंज के आईजी राजेश सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान सिंह चौधरी के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपी को उसके कार्यालय में ही परिवादी से 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया।
फिलहाल एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।