जयपुर: बेकाबू ब्लैक थार का कहर, पुलिस की 112 गाड़ी और बाइक को मारी टक्कर; मंजर देख सहम गए लोग

post 1083 (1)

राजधानी जयपुर के बिंदायका थाना क्षेत्र में स्थित सिंवार मोड़ पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक तेज रफ्तार ब्लैक थार ने अचानक नियंत्रण खोकर सड़क पर खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि थार चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काली थार वैशाली नगर की ओर से मुण्डियारामसर की तरफ जा रही थी। थाने के सामने पहुंचते ही तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सीधे सड़क किनारे खड़ी पुलिस की 112 वाहन से जा टकराई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की 112 गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद थार ने पास खड़ी एक मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे के समय पुलिस वाहन में मौजूद चालक और इंचार्ज सुरक्षित रहे। वहीं पास में खड़ा बाइक सवार भी इस हादसे में बाल-बाल बच गया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थार चालक को पकड़ लिया। शुरुआती जांच में सामने आया कि चालक शराब के नशे में था, जिसके चलते वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर थार को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।

You may have missed