Crime News: MP में मर्डर का आरोपी साधु बनकर राजस्थान में काट रहा था फरारी, 30 साल बाद हुआ गिरफ्तार

post 916

Crime News: MP में मर्डर का आरोपी साधु बनकर राजस्थान में काट रहा था फरारी, 30 साल बाद हुआ गिरफ्तार

Crime News: बारां सदर थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के अशोक नगर जिले के साडोरा थाना क्षेत्र में वर्ष 1993 में दर्ज हत्या के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर एमपी पुलिस के हवाले किया है। आरोपी बारां जिले के हीकड़ गांव में नदी किनारे स्थित एक आश्रम में साधु के भेष में रहकर पूजा-पाठ करते हुए लंबे समय से फरारी काट रहा था। उसे न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई जा चुकी है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस से सूचना मिली थी कि ग्वालियर हाईकोर्ट बेंच के 2 जनवरी 2018 के आदेश की पालना में साडोरा थाना, जिला अशोक नगर में दर्ज 1993 के प्रकरण के अभियुक्तों को सजा भुगतने के लिए जेल भेजा जाना है। इस मामले में अभियुक्त माधोसिंह शिकारी, निहालसिंह शिकारी, मोहन सिंह शिकारी, जुगराज सिंह शिकारी और रामभरोस सिंह शिकारी शामिल हैं।

सूचना के आधार पर बारां सदर थाना पुलिस ने विशेष टीम गठित की और कार्रवाई करते हुए हीकड़ गांव से अभियुक्त रामभरोस सिंह शिकारी निवासी देरशी, थाना साडोरा, जिला अशोक नगर (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया। इसके बाद उसे एमपी पुलिस के साथ रवाना किया गया।

सूत्रों के अनुसार, इस प्रकरण में एक ही परिवार के पांच सदस्य आरोपी हैं, जिनमें से एक को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य आरोपी बारां जिले में रह रहा था, जिसे सोमवार को पकड़कर मध्यप्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया।