Bikaner: पीबीएम अस्पताल में इलाज को लेकर हंगामा, ट्रॉमा सेंटर में मरीज के परिजनों और स्टाफ में भिड़ंत, व्यवस्थाओं पर फिर उठे सवाल
Bikaner: पीबीएम अस्पताल में इलाज को लेकर हंगामा, ट्रॉमा सेंटर में मरीज के परिजनों और स्टाफ में भिड़ंत, व्यवस्थाओं पर फिर उठे सवाल
Bikaner News: बीकानेर, संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम में अव्यवस्था और कथित लापरवाही को लेकर एक बार फिर हंगामे की स्थिति बन गई। लगातार सामने आ रहे विवादों के कारण अस्पताल की व्यवस्थाएं सवालों के घेरे में हैं और इसकी साख प्रभावित होती नजर आ रही है। करोड़ों रुपये के बजट और प्रशासनिक दावों के बावजूद बार-बार छोटे-छोटे मामलों में विवाद खड़ा होना चिंता का विषय बन गया है।
ट्रॉमा सेंटर से जुड़ा मामला:-
जानकारी के अनुसार, बीती रात ट्रॉमा सेंटर में देराजसर से आए एक परिवार के साथ विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। छाती में दर्द की शिकायत पर माँ-बेटा इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। दर्द अधिक होने के कारण परिजनों ने उपचार में शीघ्रता की मांग की, जिस पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों से कहासुनी होने की बात सामने आई है। इसी दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि हंगामे के दौरान कुछ नर्सिंगकर्मियों द्वारा युवक के साथ दुर्व्यवहार किया गया। बाद में मौजूद लोगों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
बार-बार विवादों से उठ रहे सवाल:-
पीबीएम अस्पताल, जिसे बेहतर इलाज और सुविधा के लिए जाना जाना चाहिए, वह बार-बार विवादों के कारण चर्चा में बना हुआ है। पूर्व में भी अव्यवस्था और लापरवाही से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में गलत खून चढ़ाने की घटना के बाद सुधार के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में खास बदलाव नजर नहीं आया।
प्रशासन से ठोस कार्रवाई की उम्मीद:-
हर घटना के बाद जांच और सुधार की बात जरूर होती है, लेकिन उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अब भी स्पष्टता नहीं है। मरीजों और उनके परिजनों की अपेक्षा है कि प्रशासन ठोस और स्थायी कदम उठाए, ताकि अस्पताल में इलाज सर्वोच्च प्राथमिकता बने और शांति व सुरक्षा का माहौल सुनिश्चित हो सके।