Cyber Crime: 538 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर 8 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट, 26.90 लाख रुपए ठगे

post 835

Cyber Crime: 538 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर 8 दिन तक रखा डिजिटल अरेस्ट, 26.90 लाख रुपए ठगे

Cyber Crime: झुंझुनूं, नवलगढ़ शहर के एक व्यापारी को 538 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग में फंसाने की धमकी देकर साइबर ठगों ने आठ दिनों तक डिजिटल अरेस्ट में रखा और उससे 26 लाख 90 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। ठग ने खुद को सीबीआई मुंबई ब्रांच का आईपीएस अधिकारी प्रदीप सांवंत बताकर व्यापारी को डराया।

पीड़ित प्रदीप कुमार सिंगड़ोदिया पुत्र शुभकरण सिंगड़ोदिया, निवासी नवलगढ़, को 15 से 22 दिसंबर के बीच लगातार मानसिक दबाव में रखा गया। डर के कारण उन्होंने पूरे घटनाक्रम की जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं दी। ठगी का खुलासा तब हुआ, जब 22 दिसंबर को अंतिम किस्त के रूप में 5 लाख 80 हजार रुपये ट्रांसफर करने से संबंधित एक ई-मेल उनकी बेटी सुचिता की मेल आईडी पर पहुंची। संदेह होने पर बेटी ने पिता से सवाल किए, जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। इसके बाद परिजनों ने नवलगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई।

538 करोड़ की मनी लॉन्ड्रिंग का दिखाया डर:-

नवलगढ़ थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार, प्रदीप सिंगड़ोदिया उस समय अजमेर में अपने पुत्र राहुल के पास थे। 15 दिसंबर को उन्हें एक कॉल आया, जिसमें कॉलर ने खुद को सीबीआई मुंबई ब्रांच का आईपीएस प्रदीप सांवंत बताया। उसने कहा कि आपके नाम से केनरा बैंक मुंबई में एक खाता खुला है, जिसमें 538 करोड़ रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग हुई है।

ठग ने दावा किया कि इस मामले में नरेश गोयल की संलिप्तता सामने आई है और उसे गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही प्रदीप सिंगड़ोदिया, उनके बेटे और बहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कहकर डराया गया। इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सएप वॉइस और वीडियो कॉल कर लगातार दबाव बनाया गया। डर के चलते प्रदीप 16 दिसंबर को अजमेर से नवलगढ़ लौट आए और ठगों के निर्देशों का पालन करने लगे।

तीन बैंकों से ट्रांसफर करवाई गई राशि:-

डिजिटल अरेस्ट के दौरान ठगों ने पीड़ित से अलग-अलग बैंकों के खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। 18 दिसंबर को एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक से एक्सिस बैंक खाते में 15.10 लाख रुपये, झुंझुनूं केंद्रीय सहकारी बैंक से एसबीआई खाते में 6 लाख रुपये और 22 दिसंबर को एसबीआई से कोटक महिंद्रा बैंक खाते में 5.80 लाख रुपये ट्रांसफर करवाए गए। कुल ठगी की रकम 26.90 लाख रुपये रही।

पुलिस का बयान

पीड़ित की रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने संबंधित बैंक खातों की ट्रैकिंग शुरू कर दी है। ठगी गई राशि में से करीब 5 से 6 लाख रुपये होल्ड करवा लिए गए हैं। शेष राशि की रिकवरी के लिए पुलिस टीम गंभीरता से कार्रवाई कर रही है।

— अजय सिंह, थानाधिकारी, नवलगढ़