राजस्थान: इस जगह गौमाता के निधन पर संवेदनशील पहल, शोक संदेश पत्रिका छपवाई, शोक सभा का होगा आयोजन
Rajasthan News: सुमेरपुर (पाली), तखतगढ़ क्षेत्र में गौसेवा और संवेदनशीलता की मिसाल देखने को मिली। गौसेवक एवं व्यवसायी जगदीश रावल ने 15 वर्षों तक सेवा करने वाली गौमाता ‘काजल’ के निधन पर विधिपूर्वक अंतिम संस्कार कराया। गौमाता की स्मृति में शोक सभा एवं प्रसादी का आयोजन किया जा रहा है, जिसके लिए क्षेत्रवासियों को आमंत्रित करते हुए शोक संदेश की पत्रिका भी प्रकाशित करवाई गई है। शोक सभा 26 दिसंबर को बलाना स्थित गऊ गोपाला फार्म हाउस में आयोजित होगी।
गौसेवा की यह यात्रा एक करुणा भरे प्रयास से शुरू हुई। जगदीश रावल ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व उनके भांजे द्वारा गौकशी से बचाई गई एक गाय उन्हें भेंट स्वरूप मिली थी। उसी गाय को उन्होंने ‘काजल’ नाम दिया और तभी से गौसेवा उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गई। इसके बाद उन्होंने तखतगढ़ के समीप बलाना गांव में स्थित अपने फार्म हाउस पर नियमित गौसेवा शुरू की।

वर्तमान में जगदीश रावल अपने फार्म हाउस पर 12 बेसहारा गौवंश की देखरेख कर रहे हैं। उन्होंने 7 बीघा कृषि भूमि पूरी तरह गौवंश के लिए समर्पित कर रखी है, जहां चारा और अनाज विशेष रूप से गायों के लिए उगाया जाता है। फार्म हाउस में गौवंश के लिए आवास, स्वच्छ पेयजल तथा सर्दी-गर्मी से बचाव की समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।


