ऑपरेशन ‘नीलकंठ’ के तहत नाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 2.432 किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये

बीकानेर | RKhabar.com
बीकानेर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन नीलकंठ” के तहत नाल थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के नेतृत्व में जिलेभर में चलाए जा रहे मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चक्रवर्ती सिंह और वृताधिकारी हिमांशु शर्मा द्वारा की गई, जबकि पूरी कार्रवाई का नेतृत्व नाल थानाधिकारी विकास विश्नोई ने किया।
देर रात नाकाबंदी के दौरान मिली सफलता
पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में देर रात सघन नाकाबंदी एवं संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 2 किलो 432 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। मौके पर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास बिश्नोई निवासी खारा, जिला फलौदी के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी अफीम की खेप कहां से लेकर आया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई करने की योजना थी। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
एक माह में चौथी बड़ी कार्रवाई
नाल थाना पुलिस के अनुसार, अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले एक माह में यह चौथी बड़ी कार्रवाई है। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी विकास विश्नोई, एएसआई सुभाष, एएसआई मदन, हेड कांस्टेबल जगदीश तथा कांस्टेबल पवन की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा।