PM मोदी पर अभद्र टिप्पणी करने वाली नाबालिग का माफीनामा वायरल, बोली- ‘बहक गई थी, मुझे माफ कर दीजिए’

100417059

नई दिल्ली | Rkhabar

दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित एक प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माता के खिलाफ कथित रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने वाली नोएडा निवासी 15 वर्षीय रुचिका सिंह का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह हाथ जोड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए पूरे देश और प्रधानमंत्री से माफी मांगती नजर आ रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

‘दोस्तों के कहने पर बोल गई, बड़ी गलती हो गई’

वायरल वीडियो में रुचिका सिंह कहती है कि वह अपने दोस्त के साथ कनॉट प्लेस (सीपी) घूमने गई थी। उसी दौरान पास में चल रहे प्रदर्शन में मौजूद लोगों ने उसे भी नारे लगाने और बोलने के लिए उकसाया। उसने दावा किया कि वह दूसरों के प्रभाव में आ गई और बिना सोचे-समझे आपत्तिजनक बातें कह दीं।

रुचिका ने कहा कि उसकी उम्र केवल 15 वर्ष है और उसे अपनी गलती का एहसास हो चुका है। उसने हाथ जोड़कर कहा कि वह शर्मिंदा है, किसी की आंखों में देखकर बात नहीं कर पा रही है और भविष्य में कभी ऐसी गलती नहीं दोहराएगी। उसने पूरे देश से उसे माफ करने की अपील की।

प्रधानमंत्री मोदी ने दिखाई उदारता

इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बच्चों से गलतियां हो जाती हैं और उन्हें प्रताड़ित करना समाधान नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चों ने उनके और उनकी दिवंगत माता के बारे में आपत्तिजनक बातें कही, जो बेहद दुखद है।

प्रधानमंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे कभी-कभी दांतों से जीभ कट जाती है, लेकिन हम दांत नहीं तोड़ते क्योंकि दोनों हमारे ही हैं। उसी तरह गुमराह बच्चों को समझाने की जरूरत है, उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान करना उचित नहीं है।

जीरो एफआईआर दर्ज, जांच जारी

भले ही प्रधानमंत्री ने बच्चों को माफ करने की बात कही हो, लेकिन मामले में कानूनी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्मृति सिंह चंदेल की शिकायत पर इस प्रकरण में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा के प्रयोग को समाज और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डालने वाला बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं

सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे माफीनामे के वीडियो को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। Rkhabar इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और आधिकारिक जानकारी के बाद ही स्पष्ट होगी।

You may have missed