पूगल में बॉर्डर क्लीन व वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में विशाल प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

खाजूवाला, पूगल उपखंड मुख्यालय पर बुधवार को बॉर्डर क्लीन अभियान और वन विभाग की कार्रवाई के विरोध में पूर्व कैबिनेट मंत्री गोविंदराम मेघवाल के नेतृत्व में विशाल प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में खाजूवाला, पूगल और छतरगढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में किसान, मजदूर, युवा, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने अंबेडकर भवन से एसडीएम कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

जनसभा को संबोधित करते हुए गोविंदराम मेघवाल ने आरोप लगाया कि वन विभाग और बॉर्डर क्लीन अभियान के नाम पर गरीब परिवारों के मकान, दुकानें और बस्तियों को उजाड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि दशकों से बसे लोगों को बेदखली के नोटिस देकर परेशान किया जा रहा है तथा धार्मिक स्थलों को भी नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने क्षेत्र की गंगा-जमुनी संस्कृति को बनाए रखने और सभी समुदायों से एकजुट रहने की अपील की।
मेघवाल ने किसानों की सिंचाई समस्या उठाते हुए कहा कि पोंग डैम में पर्याप्त पानी होने के बावजूद खाजूवाला क्षेत्र के किसानों को सिंचाई जल नहीं मिल रहा, जिससे नरमा, मूंगफली और मूंग की फसलें प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने खाद की उपलब्धता को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
सभा के दौरान उन्होंने नीट परीक्षा विवाद सहित विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों का उल्लेख करते हुए केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना की। साथ ही कुछ धार्मिक ट्रस्टों में कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठाई।
पूर्व मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर तोड़फोड़ की कार्रवाई नहीं रोकी गई, प्रभावित परिवारों को मुआवजा व पट्टे नहीं दिए गए और किसानों के लिए सिंचाई पानी की व्यवस्था नहीं की गई, तो बीकानेर कलेक्ट्रेट और एसडीएम कार्यालय का घेराव कर बड़े स्तर पर आंदोलन और जेल भरो अभियान शुरू किया जाएगा।
सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ नेता हाजी नजरू खान ने की। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।