समाज के उत्थान की शुरुआत घर और शिक्षा से होती है, मोबाइल का सदुपयोग जरूरी : तहसीलदार हरीश टाक

100411347

खाजूवाला, वार्ड नंबर 7 स्थित मॉल कॉलोनी की कुम्हार धर्मशाला में बुधवार शाम नवनियुक्त तहसीलदार हरीश टाक, उपकोषाधिकारी सुरेन्द्र गेदर, वरिष्ठ लेखाधिकारी पवन चांदोरा तथा एसडीएम कार्यालय के राजेन्द्र का समाजजनों द्वारा भव्य सम्मान किया गया। समारोह में सभी अधिकारियों का साफा पहनाकर एवं पुष्पमालाएं अर्पित कर स्वागत किया गया।

मुख्य अतिथि तहसीलदार हरीश टाक ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति घर, शिक्षा और संस्कारों से होती है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को मोबाइल का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग सिखाने का आग्रह करते हुए कहा कि मोबाइल शिक्षा, ज्ञान और व्यक्तित्व विकास का माध्यम बने, न कि समय की बर्बादी का। उन्होंने कहा कि शिक्षित और संस्कारी युवा ही समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उपकोषाधिकारी सुरेन्द्र गेदर ने समाज की एकता और शिक्षा को उसकी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए आपसी भाईचारे के साथ सामाजिक उत्थान के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। वरिष्ठ लेखाधिकारी पवन चांदोरा ने युवाओं से अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। वहीं एसडीएम कार्यालय के राजेन्द्र ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी और सत्यता के साथ किया जाए, ताकि यह समाज निर्माण का प्रभावी माध्यम बन सके।

समारोह में पंचायत समिति डायरेक्टर दलीप जलंधरा, समाज अध्यक्ष हंसराज गोयल, श्रवण ढूंढाडा, एडवोकेट विनोद भोभरिया, बालकृष्ण किरोड़ीवाल, सुभाष जालप, कुलदीप मान्धनियां, दलीप नोखवाल सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक, वरिष्ठजन और युवा उपस्थित रहे। सभी ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास, सुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने की अपेक्षा व्यक्त की।

You may have missed