खाजूवाला के मीणा मार्केट में अंडरग्राउंड दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास, चोरी का सामान पुलिस ने किया बरामद

खाजूवाला, कस्बे के व्यस्त मीणा मार्केट क्षेत्र में मंगलवार देर रात चोरों ने एक अंडरग्राउंड दुकान को निशाना बनाते हुए उसका ताला तोड़ दिया। घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है। सूचना मिलने पर खाजूवाला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वही चोरों ने दुकान में लगे कैमरे तोड़ दिए।
थानाधिकारी अशोक बिश्नोई ने बताया कि घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे की है। अज्ञात चोरों ने अंडरग्राउंड दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखा सामान बाहर निकाला। हालांकि किसी कारणवश चोर चोरी किया गया सामान अपने साथ ले जाने में सफल नहीं हो सके और उसे पास स्थित पशु चिकित्सालय की छत पर छोड़कर फरार हो गए।
बुधवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। हालांकि उन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे, जिससे उनकी स्पष्ट पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस ने तलाशी अभियान चलाते हुए पशु चिकित्सालय की छत से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है। बरामद सामान को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाधिकारी अशोक बिश्नोई ने बताया कि पुलिस विभिन्न सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद मीणा मार्केट के व्यापारियों ने रात्रिकालीन गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।