खाजूवाला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 37.43 ग्राम स्मैक के साथ सप्लायर गिरफ्तार, 7.60 लाख रुपये का मादक पदार्थ बरामद

100407570

खाजूवाला | RKhabar.com

बीकानेर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत खाजूवाला पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 37.43 ग्राम अवैध स्मैक (चित्टा) के साथ एक सप्लायर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान गंगासिंह निवासी चक 10 केएलडी, कुंडल के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से अवैध स्मैक बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क तथा अन्य जुड़े लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

यह कार्रवाई बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत की गई। वृताधिकारी (सीओ) आकांक्षा चौधरी के निर्देशन एवं खाजूवाला थाना प्रभारी अशोक विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया।

थानाधिकारी अशोक विश्नोई ने बताया कि चित्टा सहित हर प्रकार के नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्र में नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सीमावर्ती क्षेत्र खाजूवाला में पुलिस की लगातार कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान भविष्य में भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

You may have missed