छतरगढ़ : तिहरे हत्याकांड से दहला इलाका : रिश्ते को लेकर विवाद बना खूनी संघर्ष

100407354

तीन की मौत, एक गंभीर घायल; चार आरोपी हिरासत में

छतरगढ़ | RKhabar

बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र के सुरजनवाली गांव में गुरुवार को हुए तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पारिवारिक रिश्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। तेजधार हथियारों से किए गए हमले में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का उपचार छतरगढ़ के सरकारी अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अली शेर (60), जिंदू पुत्र याकूब (55) तथा करीम पुत्र जिंदू (25) के रूप में हुई है। वहीं नेबू (35) गंभीर रूप से घायल है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

रिश्ते की बात को लेकर हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना की जड़ बच्चों के रिश्ते को लेकर चला विवाद बताया जा रहा है। परिजनों के अनुसार जिंदू पुत्र याकूब और करीम पुत्र जिंदू को विवाद की जानकारी तक नहीं थी। वे पड़ोसी गांव खारावाली से सुरजनवाली गांव में मारस खां की तबीयत पूछने पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन पर अचानक तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।

परिजनों ने आरोप लगाया है कि नबी खां, उसका पुत्र रहमत अली, अकरम खां, सिकंदर खां, गफूर खां और माशूक खां सहित अन्य लोगों ने मिलकर हमला किया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

वारदात की सूचना मिलते ही छतरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए छतरगढ़ सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पूरे गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा स्वयं सुरजनवाली गांव पहुंचे। उनके साथ खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा कुमारी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निष्पक्ष व त्वरित जांच के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने मृतकों के परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

चार आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।

You may have missed