खाजूवाला : ऑपरेशन नीलकंठ के तहत दो तस्कर गिरफ्तार, 6.14 ग्राम स्मैक व बाइक जब्त

1004012585 (1)

खाजूवाला, बीकानेर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ अभियान के तहत खाजूवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध स्मैक (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.14 ग्राम अवैध स्मैक तथा तस्करी में प्रयुक्त एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक बीकानेर के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं वृत्ताधिकारी खाजूवाला के सुपरविजन में थाना खाजूवाला की टीम ने सोमवार को यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखविंद्र सिंह (28) एवं रविंद्र (26) निवासी वार्ड संख्या 22, खाजूवाला के रूप में हुई है।


दोनों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21, 25 के तहत मामला दर्ज कर जांच थाना पूगल के थानाधिकारी को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर स्मैक तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उपनिरीक्षक कोहर सिंह, कांस्टेबल लेखराम, ओमप्रकाश, संदीप तथा चालक प्रेमचंद शामिल रहे।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

You may have missed