पत्नी की हत्या के बाद पति ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

post 136 (1)

भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरडोद गांव में सोमवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां एक व्यक्ति ने कथित रूप से पहले अपनी पत्नी की हत्या कर दी और बाद में खुद भी आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलने पर हमीरगढ़ थाना प्रभारी सुनील बेड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल और एमओबी टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक दंपती के शवों को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

भीलवाड़ा सदर डीवाईएसपी नेमीचंद ने कहा कि सोमवार सुबह हमीरगढ़ थाने में सूचना मिली थी कि बनका खेड़ा निवासी कालू जाट ने अपने साढ़ू हमीरगढ़ थाना क्षेत्र के आमली बरडोद गांव में जगदीश जाट के घर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां, कालू जाट मृत मिला, जबकि उसकी पत्नी दुर्गा का शव कमरे में बिस्तर पर पड़ा हुआ था। मृतका दुर्गा के भाई जगदीश ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।

रिपोर्ट में आशंका जताई गई है कि कालू जाट ने पहले अपनी पत्नी का गला दबाकर और लोहे की वस्तु से हमला कर उसकी हत्या की, इसके बाद खुद आत्महत्या कर ली। पुलिस ने दंपती के मोबाइल फोन जब्त कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कालू जाट पिछले कुछ समय से आर्थिक और पारिवारिक समस्याओं के कारण तनाव में था। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।