Rajasthan Crime: बेटे ने कागजों में मां को जिंदा दिखाया, फिर मैनेजर-गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर हड़पी पेंशन; जानें कैसे खुला राज?

post 135 (1)

राजधानी जयपुर में पेंशन से जुड़ी कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपनी मृत मां को सरकारी रिकॉर्ड में जीवित दिखाकर एसबीआई के तत्कालीन शाखा प्रबंधक और एक महिला मित्र की कथित मिलीभगत से करीब 6.30 लाख रुपये की पेंशन हड़प ली। मामले का खुलासा होने पर जवाहर नगर थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में एसबीआई के तत्कालीन शाखा प्रबंधक सिराज अहमद कुरैशी (56), मृतका का बेटा लालचंद (45) और उसकी महिला मित्र खुशबू दीक्षित उर्फ नेहा (42) शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि लालचंद की मां शांति देवी का निधन 2 मई 2021 को हो गया था। इसके बावजूद उन्हें जीवित दर्शाकर नगर निगम जयपुर से मिलने वाली पेंशन लगातार बैंक खाते में जमा होती रही।

आरोप है कि लालचंद ने बैंक अधिकारी की कथित मिलीभगत से फर्जी जीवित प्रमाण-पत्र तैयार कराया। इसी दस्तावेज के आधार पर पेंशन जारी रही और एटीएम कार्ड सहित अन्य बैंकिंग माध्यमों से करीब 6.30 लाख रुपये निकाल लिए गए। पुलिस के अनुसार, इस पूरे प्रकरण में खुशबू दीक्षित की भी भूमिका सामने आई है।

बैंक की शिकायत के बाद खुलासा:-

मामले का खुलासा तब हुआ जब 9 जनवरी को एसबीआई की राजापार्क शाखा के प्रतिनिधि तपिश श्रीवास्तव ने जवाहर नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान नगर निगम से प्राप्त मृत्यु प्रमाण-पत्र में शांति देवी की मृत्यु की पुष्टि हुई, जबकि बैंक रिकॉर्ड में उन्हें जीवित दर्शाया गया था।

अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में:-

दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की जांच के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में किसी अन्य बैंक कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। फिलहाल पुलिस वित्तीय लेन-देन, बैंक दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।