Crime News: बॉयफ्रेंड की रिहाई नहीं कराई तो अंजाम भुगतने की धमकी, 11वीं की छात्रा को सहेली ने किया फोन, अगले दिन मच गया बवाल
Crime News: बॉयफ्रेंड की रिहाई नहीं कराई तो अंजाम भुगतने की धमकी, 11वीं की छात्रा को सहेली ने किया फोन, अगले दिन मच गया बवाल
Crime News: अजमेर, शहर के एक थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा ने अपने ही घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मौके से पुलिस को चार पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। छात्रा के हाथों पर ब्लेड से कटने के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
मृतका के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। उनका कहना है कि एक युवक द्वारा बेटी को लगातार परेशान किया जा रहा था और उसके साथ अश्लील हरकत भी की गई थी। इस संबंध में 9 जनवरी को थाने में पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने इस केस में सोमवार रात चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
पिता का आरोप है कि गिरफ्तारी के बाद भी आरोपियों और उनसे जुड़े लोगों की ओर से फोन पर धमकियां मिल रही थीं। गिरफ्तार आरोपियों में बेटी की एक सहेली का बॉयफ्रेंड भी शामिल है। पिता के अनुसार सोमवार देर रात बेटी को उसकी सहेली का फोन आया था, जिसमें कहा गया कि यदि उसके बॉयफ्रेंड को छुड़वाने में मदद नहीं की गई तो उसके पिता को जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी से घबराकर और मानसिक दबाव में आकर बेटी ने यह कदम उठा लिया।
परिजनों के मुताबिक सोमवार रात करीब 12 बजे तक छात्रा घर में सामान्य व्यवहार कर रही थी और परिवार के साथ हंसी-मजाक भी कर रही थी। मंगलवार सुबह घर पर रिश्तेदार आने वाले थे। इसी दौरान पिता रिश्तेदारों को लेने निकले थे, तभी थाने से पहले से दर्ज मामले में कार्रवाई के सिलसिले में उन्हें बुलाया गया। इसी बीच घर से सूचना मिली कि बेटी कमरे का दरवाजा नहीं खोल रही है। पिता तत्काल लौटे और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे, जहां बेटी चुन्नी के फंदे से लटकी मिली। परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पिता ने बताया कि कुछ महीने पहले एक रिश्तेदार की शादी में बेटी की मुलाकात एक युवक से हुई थी, जिसे वह भाई की तरह मानती थी। आरोप है कि युवक ने बाद में गलत नजर रखनी शुरू कर दी और 8 जनवरी को मैसेज के जरिए धमकियां दीं। इसके बाद बातचीत के बहाने बुलाकर आरोपी और उसके साथियों ने परिवार पर हमला किया और बेटी के साथ अश्लील हरकत की।
पुलिस के अनुसार 9 जनवरी को दर्ज पॉक्सो मामले में नाबालिग के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और सोमवार रात चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सुसाइड नोट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और धमकियों के एंगल से पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। परिजनों ने आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।