Rajasthan: मुर्गी के दाने की आड़ में छिपा था 81 करोड़ का काला खजाना, ट्रक खोलते ही DRI के उड़ गए होश
Rajasthan: मुर्गी के दाने की आड़ में छिपा था 81 करोड़ का काला खजाना, ट्रक खोलते ही DRI के उड़ गए होश
Rajasthan: डीडवाना-कुचामन, जिले में राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 81 करोड़ रुपये मूल्य की एमडी (MDMA) ड्रग्स जब्त की है। दिल्ली DRI की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से स्टेट हाईवे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक से यह बड़ी खेप बरामद की। तस्करों ने ड्रग्स को मुर्गी फीड के कट्टों के बीच बेहद शातिर तरीके से छिपा रखा था।
दो महीने से चल रही थी निगरानी:-
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली DRI की टीम पिछले करीब दो महीने से इस ड्रग नेटवर्क पर नजर बनाए हुए थी। जांच की शुरुआत हरियाणा स्थित एक संदिग्ध फैक्ट्री से हुई, जहां टीम ने दबिश देकर दो संचालकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि नशीले पदार्थों की एक बड़ी खेप दूसरे राज्य भेजी जा चुकी है। इसके बाद DRI ने ट्रक को ट्रैक कर कार्रवाई की।
टोल नाके पर पकड़ा गया ट्रक:-
11 और 12 जनवरी की दरम्यानी रात डीडवाना-कुचामन क्षेत्र में एक टोल नाके के पास महाराष्ट्र नंबर के ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान मुर्गी दाने के कट्टों के बीच 9 ऐसे कट्टे मिले, जिनमें कुल 270.30 किलोग्राम MDMA ड्रग्स भरी हुई थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 81 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।
हरियाणा के छह आरोपी डिटेन:-
इस मामले में DRI ने हरियाणा के रहने वाले छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान कुलदीप, अंकित, सज्जन कुमार, मनदीप, बलविंद्र और अजीत सिंह के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि गिरोह तस्करी के दौरान ट्रक के आगे एक एस्कॉर्ट वाहन भी चलाता था। टीम ने ट्रक चालक, खलासी, एस्कॉर्ट करने वाले दो युवकों और दो फैक्ट्री संचालकों को पकड़ा है। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह खेप मध्य प्रदेश में सप्लाई की जानी थी।
कोर्ट में पेशी, नेटवर्क खंगाल रही DRI:-
सभी आरोपियों को मंगलवार को सीकर स्थित डीजे कोर्ट में पेश किया गया। ड्रग्स की शुद्धता की जांच के लिए एफएसएल टीम से मौके पर सैंपलिंग कराई गई है। DRI अब इस मामले से जुड़े अंतरराज्यीय नेटवर्क और ड्रग सिंडिकेट के मुख्य सरगना तक पहुंचने के लिए जांच को आगे बढ़ा रही है।