श्रीगंगानगर: सेना के वाहन और एंबुलेंस की भीषण टक्कर, तीन की मौके पर मौत, दो गंभीर घायल

श्रीगंगानगर: जिले में रविवार तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर हुए भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सूरतगढ़ सदर थाना क्षेत्र में 22 एलजीडब्ल्यू के पास हुआ, जहां सेना के एक वाहन और निजी एंबुलेंस के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया गया।
सदर थाना के उपनिरीक्षक सम्पत धायल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सेना के वाहन और निजी एंबुलेंस के बीच आमने-सामने की टक्कर की बात सामने आई है। दुर्घटना में एंबुलेंस में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों की पहचान हिंदूमलकोट थाना क्षेत्र के 5 बी कोनी गांव के निवासियों के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद सामान्य कराया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। मामले की विस्तृत जांच जारी है।