पढ़ाई के तनाव में 24 वर्षीय युवक ने की आत्महत्या, कमरे में मिला शव

post 102 (1)

भरतपुर: शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक 24 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर थाना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सौरभ (24) पुत्र बृजकिशोर के रूप में हुई है। थाना कोतवाली के एएसआई फतह चंद ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

परिजनों ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सौरभ खाना खाने के बाद घर की छत पर बने कमरे में पढ़ाई करने चला गया। उस समय परिवार के अन्य सदस्य नीचे की मंजिल पर मौजूद थे। करीब आधे घंटे बाद जब उसके पिता उसे देखने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आवाज लगाने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर परिजनों ने रोशनदान से अंदर देखा, जहां सौरभ अचेत अवस्था में मिला।

इसके बाद परिजन छत के रास्ते कमरे में पहुंचे और उसे तत्काल आरबीएम अस्पताल लेकर गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, सौरभ पिछले करीब 15 दिनों से पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में था। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

You may have missed