राजस्थान: एसीबी की बड़ी कार्रवाई, क्षेत्रीय वन अधिकारी एवं चालक 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

post 101 (1)

झालावाड़: जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग के एक क्षेत्रीय वन अधिकारी और विभागीय वाहन चालक को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। कार्रवाई का नेतृत्व एसीबी झालावाड़ की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेरणा शेखावत ने किया।

एसीबी झालावाड़ के पुलिस निरीक्षक साजिद खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान क्षेत्रीय वन अधिकारी विक्रम रेगर और विभागीय वाहन चालक फिरोज के रूप में हुई है। दोनों पर आरोप है कि वे गाड़ियों को वन विभाग से संबंधित अनुमति एवं पास कराने के बदले बंधी के रूप में रिश्वत ले रहे थे।

उन्होंने बताया कि रायपुर के एक व्यापारी ने दोनों के रिश्वत मांगने की शिकायत ब्यूरो में की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप की कार्रवाई की। तय योजना के तहत परिवादी ने झालावाड़ के मामा-भांजा स्थित वन विभाग कार्यालय में आरोपियों को 15 हजार रुपये दिए, जिसके तुरंत बाद पहले से तैनात एसीबी टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई है। एसीबी की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या आरोपी लंबे समय से इस तरह अवैध वसूली कर रहे थे। मामले में अन्य अधिकारी या कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर आरोपियों की आय से अधिक संपत्ति और वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जाएगी।

भ्रष्टाचार के विरुद्ध एसीबी की कार्रवाई को जिले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है, रिश्वतखोरी मामलों में किसी भी स्तर पर लिप्त पाए जाने वाले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में आगे की जांच जारी है। एसीबी जल्द आरोपियों को न्यायालय में पेश करेगी।