Crime News: कर्ज से परेशान दामाद का ससुर के घर पर डाका, 14 लाख की चोरी का पर्दाफाश, पढ़े खबर

post 93 (1)

Crime News: राजस्थान के टोंक जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, यहां एक दामाद ने अपने ही ससुर के घर पर डाका डाल दिया। कर्ज के बोझ से दबे दामाद ने सोचा था कि ससुर के घर से नकदी चुराकर वह अपनी मुसीबतें खत्म कर लेगा लेकिन पुलिस की सतर्कता और तकनीकी साक्ष्यों ने उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।

जानकारी के अनुसार, सोहेला गांव निवासी नंदलाल बैरवा के घर में 30 जून की रात अज्ञात चोरों ने घुसकर कमरे में रखी करीब 14 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली। घटना का पता अगले दिन सुबह चलने पर परिजनों ने बरौनी थाने में मामला दर्ज कराया।

शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच के दौरान पुलिस का शक परिवार से जुड़े व्यक्ति पर गया। पूछताछ में आरोपी श्योराज बैरवा ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार आरोपी श्योराज बैरवा पीड़ित नंदलाल बैरवा का दामाद है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। तलाशी के दौरान पुलिस ने चोरी की गई 13 लाख 58 हजार 500 रुपये की भारी-भरकम राशि बरामद कर ली है। साथ ही वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई आल्टो कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस टीम की इस त्वरित कार्रवाई की इलाके में काफी सराहना हो रही है।