राजस्थान: ACB की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

जैसलमेर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने नाचना उपनिवेशन विभाग के एक पटवारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि संबंधित पटवारी उसका सरकारी काम जानबूझकर अटका रहा है और काम के निपटारे के बदले भारी रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने गोपनीय सत्यापन कराया। रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर अधिकारियों ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के अनुसार परिवादी रिश्वत की राशि लेकर पटवारी के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी लखबीर यादव ने 50 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, पहले से तैनात एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली गई है।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम आरोपी को उसके सरकारी आवास पर लेकर पहुंची, जहां दस्तावेजों, बैंक खातों, जमीन-जायदाद से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की आय से अधिक संपत्ति के पहलू की भी जांच की जाएगी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई से इलाके के भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।