Crime News: अवैध हथियार रखने के मामले में फरार युवक गिरफ्तार, इंग्लैंड भागने की थी तैयारी

कोटा। रेलवे कॉलोनी थाना पुलिस ने अवैध हथियार रखने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लग्जरी कार, अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में हथियार खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि 30 जून को थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान कैथून निवासी अमृतपाल लग्जरी कार से वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर वह कार सड़क पर छोड़कर खेतों की ओर भाग निकला। तलाशी के दौरान कार से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने हथियार और वाहन जब्त कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।
इसके बाद गठित विशेष टीम ने मुखबिर तंत्र, तकनीकी सहायता और लगातार दबिश देकर फरार आरोपी अमृतपाल (23) को नया नोहरा ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पंजाबी गानों और हथियारों का था शौक:-
पूछताछ में सामने आया कि अमृतपाल मूल रूप से बारां जिले का रहने वाला है और फिलहाल कैथून में रह रहा था। उसकी पत्नी मुस्कान कौर इंग्लैंड में पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम नौकरी करती है तथा उसे खर्च के लिए पैसे भेजती है। आरोपी ने इन्हीं पैसों से करीब एक वर्ष पहले एक शादी समारोह में किसी अज्ञात व्यक्ति से 80 हजार रुपये में अवैध पिस्टल और 10 कारतूस खरीदे थे। बाद में उसने अधिकांश कारतूस शौकिया फायरिंग में खर्च कर दिए।
पुलिस के अनुसार आरोपी को महंगी गाड़ियों और पंजाबी गानों का भी शौक था। उसने दिल्ली से एक सेकेंड हैंड लग्जरी कार खरीदी थी और उसमें हमेशा हथियार रखकर चलता था। पूछताछ में उसने बताया कि पंजाबी गानों और सोशल मीडिया पर हथियारों से जुड़े वीडियो देखकर उसने अवैध पिस्टल खरीदने का फैसला किया।
इंग्लैंड भागने की थी तैयारी:-
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की पत्नी गर्भवती है और वह बच्चे का जन्म इंग्लैंड में करवाना चाहता था ताकि उसे वहां की नागरिकता मिल सके। इसके लिए उसने पासपोर्ट और वीजा भी बनवा लिया था। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज होने के बाद आरोपी नया नोहरा ओवरब्रिज से दिल्ली पहुंचकर वहां से इंग्लैंड फरार होने की कोशिश में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पत्नी के गर्भवती होने पर पार्टी में किए फायर:-
आरोपी को पत्नी के गर्भवती होने की सूचना मिली। इस पर उसने दोस्तों के साथ पार्टी की और इस दौरान उसने खुशी में अवैध पिस्टल से 9 फायर कर दिए, जबकि एक कारतूस पुलिस ने अवैध पिस्टल के साथ बरामद कर लिया।