दर्दनाक हादसा: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

post 63 (1)

झालावाड़। जिले के मनोहरथाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। चांदपुरा भीलान गांव में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ लोग मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर कुछ दिन पहले जेसीबी से खोदे गए पानी से भरे गड्ढे के पास बच्चों के कपड़े और चप्पलों पर पड़ी। संदेह होने पर ग्रामीणों ने गड्ढे में तलाश की तो दोनों बच्चों के शव पानी में मिले। इसके बाद तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।

मृतकों की पहचान 9 वर्षीय नवीन भील पुत्र दीवान भील तथा 10 वर्षीय भूरालाल पुत्र इंद्र सिंह भील के रूप में हुई है। दोनों बच्चे दो भाइयों के अलग-अलग पुत्र थे

ग्रामीणों की सहायता से दोनों बच्चों को मनोहरथाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर मनोहरथाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।