Rajasthan: ACB की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार की रिश्वत लेते जमादार रंगे हाथों गिरफ्तार

post 61 (1)

जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम जयपुर के हवामहल-आमेर जोन की पट्टा/लीज शाखा में कार्यरत जमादार रामसिंह यादव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मकान का पट्टा जारी करने के बदले परिवादी से दो लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

एसीबी के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पिता के नाम मकान का वैध पट्टा जारी करने की एवज में आरोपी लगातार दो लाख रुपये की मांग कर परेशान कर रहा है।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी उप महानिरीक्षक-द्वितीय (जयपुर) ओमप्रकाश मीणा के सुपरवीजन तथा जयपुर नगर तृतीय के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में शिकायत का गोपनीय सत्यापन करवाया गया। सत्यापन में रिश्वत मांगे जाने के तथ्य सही पाए जाने पर उप अधीक्षक पुलिस सुरेन्द्र पंचौली व टीम ने जाल बिछाया।

योजना के तहत जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये स्वीकार किए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद नगर निगम कार्यालय में हड़कंप मच गया।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरवीजन में ब्यूरो की टीम आरोपी रामसिंह यादव से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके आवास एवं अन्य संभावित ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू कर दी गई है।