खाजूवाला : डीएपी खाद के लिए अन्नदाता परेशान, घंटों लाइनों में खड़े रहने को मजबूर

खाजूवाला, खरीफ सीजन के बीच खाजूवाला में डीएपी खाद की कमी और अव्यवस्थित वितरण व्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डीएपी खाद लेने के लिए सुबह से ही सहकारी समिति और वितरण केंद्रों पर किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। तेज धूप और उमस के बीच पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में महिला किसान भी घंटों तक लाइन में खड़ी रहने को मजबूर हैं।

किसानों का आरोप है कि खाद वितरण केंद्रों पर न तो छाया की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। घंटों इंतजार के बावजूद प्रत्येक किसान को केवल तीन बैग डीएपी खाद ही दिए जा रहे हैं, जिससे किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। किसानों का कहना है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं होने से फसलों की बुवाई और उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
डीएपी लेने पहुंचे किसानों की भारी भीड़ के कारण बाजार क्षेत्र में कई बार जाम की स्थिति भी बन गई। यातायात व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी। किसानों ने प्रशासन और संबंधित विभाग की वितरण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे और अधिक व्यवस्थित बनाने की मांग की है।
किसानों ने प्रशासन से डीएपी खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने, वितरण केंद्रों पर छाया और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने तथा भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की मांग की है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उचित व्यवस्था नहीं की गई तो उनका आक्रोश और बढ़ सकता है।