बीकानेर: पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से बेरहमी से पीटा

post 33 (1)

बीकानेर। नापासर थाना क्षेत्र के शेरेरा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर नापासर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी सुषमा शेखावत के अनुसार, शेरेरा निवासी वीरबलराम पुत्र बालूराम जाट ने रिपोर्ट में बताया कि वह गांव की गुवाड़ में अपने साथियों के साथ बैठा था। इसी दौरान मोहाराम पुत्र तेजाराम गोदारा, सातीराम पुत्र सुजाराम गोदारा, दुर्गाराम पुत्र सुजाराम गोदारा और जगदीश पुत्र मोहनराम गोदारा कैंपर गाड़ी में वहां पहुंचे।

रिपोर्ट के अनुसार, चारों आरोपियों ने आते ही वीरबलराम पर लाठी-डंडों और लोहे के पाइप से हमला कर दिया। हमले के दौरान बचाव करते समय उसके हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 300 रुपये भी निकाल लिए।

शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर उसे बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।