बीकानेर: लाखों की चांदी लेकर लापता हुआ युवक जयपुर में मिला; जानें पूरा मामला

post 10 (1)

बीकानेर। नोखा कस्बे से तीन दिन पहले लाखों रुपये मूल्य की कीमती चांदी लेकर बीकानेर के लिए निकला 23 वर्षीय युवक सांवरलाल सोनी आखिरकार सकुशल मिल गया। नोखा थाना पुलिस ने लगातार तीन दिन तक तलाश अभियान चलाकर युवक को जयपुर से दस्तयाब किया और रविवार रात उसे करीब 1 किलो 500 ग्राम चांदी सहित सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार सांवरलाल सोनी बाबा छोटूनाथ स्कूल के पास स्थित अपने घर से बीकानेर के लिए रवाना हुआ था, लेकिन समय पर घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट नोखा थाने में दर्ज कराई। युवक के पास लाखों रुपये मूल्य की कीमती धातु होने के कारण पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया।

थानाधिकारी अरविंद भारद्वाज ने जांच की जिम्मेदारी एएसआई हरिराम मीणा को सौंपी और युवक को जल्द से जल्द सुरक्षित दस्तयाब करने के निर्देश दिए। पुलिस ने तकनीकी और साइबर सहायता से लगातार तीन दिन तक तलाश की, जिसके बाद युवक की लोकेशन जयपुर में ट्रेस कर उसे सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया।

युवक के पिता बजरंगलाल सोनी ने बेटे के सकुशल मिलने पर नोखा पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बेटे को सुरक्षित देखकर पूरे परिवार ने राहत की सांस ली। परिवार के सदस्य कालूराम कड़ेल और मुन्नीलाल सोनी ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रिपोर्ट दर्ज होने के साथ ही पुलिस ने गंभीरता से प्रयास शुरू कर दिए थे।

स्वर्णकार समाज के लोगों ने भी नोखा पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा की। उनका कहना है कि पुलिस की तत्परता से युवक के साथ-साथ उसके पास मौजूद करीब 1 किलो 500 ग्राम चांदी भी सुरक्षित मिल गई। युवक को ट्रेस करने में साइबर एएसआई दीपक यादव और कांस्टेबल पवन कुमार की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।