Rajasthan Roadways Bus Fire: चलते-चलते धू-धूकर जली डबल डेकर एसी बस, 26 यात्रियों की बची जान

Rajasthan Roadways Bus Fire: राजस्थान की एक चलती डबल डेकर एसी बस आग की चपेट में आने से पूरी तरह जलकर स्वाहा हो गई। हादसा उत्तर प्रदेश के मेरठ में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर हुआ। बस में लगी आग इतनी विकराल और खतरनाक थी कि उसका काला धुआं हाईवे पर करीब 2 किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था। गनीमत यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में बस के भीतर सवार सभी 26 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, यात्रियों ने बस के रुकते ही जान बचाने के लिए आपातकालीन खिड़कियों और दरवाजों से छलांग लगा दी। हालांकि, इस अफरा-तफरी के माहौल में यात्रियों की डिग्गी में रखा लाखों रुपए का कीमती सामान, बैग और कपड़े जलकर पूरी तरह राख हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस गुरुवार रात जयपुर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। शुक्रवार सुबह मेरठ-मुजफ्फरनगर सीमा के पास चलते समय बस के पिछले हिस्से में लगे एसी सिस्टम की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने धुआं उठता देख चालक को इसकी सूचना दी।
चालक ने तुरंत बस को हाईवे किनारे रोक दिया। इसके बाद परिचालक की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। अफरा-तफरी के बीच कुछ यात्रियों ने खिड़कियों और आपातकालीन रास्तों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
यात्रियों को सुरक्षित उतारने के बाद चालक और परिचालक ने बस की डिग्गी से सामान निकालने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें पीछे हटना पड़ा। इस दौरान बस में रखा अधिकांश सामान, बैग और अन्य कीमती वस्तुएं आग में जलकर नष्ट हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। मेरठ, मुजफ्फरनगर और सरधना से पहुंची चार दमकल गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर सुरक्षित हरिद्वार के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की पुष्टि की जा रही है।