राजस्थान: जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, कलयुगी बेटे ने पिता को ट्रैक्टर से कुचला, मौत

खेतड़ी (झुंझुनू): मेहाड़ा थाना क्षेत्र के ढोसी गांव में शुक्रवार को जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि बेटे ने अपने ही पिता की मारपीट करने के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मेहाड़ा थाना प्रभारी राम मनोहर ने बताया कि सूचना मिली थी कि ढोसी निवासी शमशेर जाट ने अपने पिता महावीर जाट की हत्या कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पिछले करीब तीन वर्षों से दोनों के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपी ने पहले पिता के साथ मारपीट की और बाद में ट्रैक्टर से कई बार कुचलकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ राम मनोहर पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर राजकीय अजीत उप जिला अस्पताल खेतड़ी की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस ने बताया कि मृतक के दामाद राकेश की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।