बीकानेर: एनडीपीएस एक्ट के दो वांछित आरोपी गिरफ्तार, मादक पदार्थ सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

बीकानेर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत मुक्ताप्रसाद नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शौफिन भाटी पुत्र कुदरत अली (32) निवासी सर्वोदय बस्ती, बीकानेर तथा श्यामसुंदर उर्फ श्यामलाल कस्वां पुत्र रामकिशन (23) निवासी सर्वोदय बस्ती, बीकानेर के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी।
महानिरीक्षक पुलिस बीकानेर रेंज ओमप्रकाश (आईपीएस) एवं जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा (आईपीएस) के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) चक्रवर्ती सिंह राठौड़ और वृत्ताधिकारी नगर अनुज डाल (आरपीएस) के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
थानाधिकारी विजेन्द्र कुमार सीला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध मादक पदार्थ एमडी की सप्लाई से जुड़े मामलों में वांछित थे।
फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस मादक पदार्थों की सप्लाई चेन, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तथा अवैध कारोबार के संभावित कनेक्शन की जांच कर रही है। मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।