Road Accident: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, दूल्हे समेत दो युवकों की सड़क हादसे में मौत

बाड़मेर। जिले में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक भीषण सड़क हादसे में दूल्हे और उसके चचेरे भाई की मौत हो गई। हादसा देर रात लुखु भाखरी के पास नेशनल हाईवे-68 पर हुआ। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत से घर और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, लुखु भाखरी के निकट एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार सुखदेव और नरपतराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को स्थानीय लोगों की सहायता से धोरीमन्ना अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने सुखदेव को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल नरपतराम को प्राथमिक उपचार के बाद सांचौर रेफर किया गया। हालांकि उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
शादी की खरीदारी कर लौट रहे थे घर:-
बताया जा रहा है कि दोनों युवक परिजनों के साथ बाड़मेर शहर शादी की खरीदारी करने गए थे। नरपतराम और सुखदेव एक बाइक पर सवार थे, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरी बाइक से पीछे आ रहे थे। खरीदारी के बाद घर लौटते समय तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
शादी से पहले उजड़ गईं खुशियां:-
सेड़वा गौड़ा निवासी 21 वर्षीय नरपतराम पुत्र गोकलाराम की मंगलवार को शादी होने वाली थी। लेकिन शादी से ठीक एक दिन पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। हादसे में उसके चचेरे भाई 27 वर्षीय सुखदेव पुत्र वागाराम की भी जान चली गई। दोनों युवकों के शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है और हर आंख नम नजर आई।