Weather Update: राजस्थान में 26 जून तक एक्टिव रहेगा नया वेदर सिस्टम, 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

जयपुर। राजस्थान में इस बार प्री-मानसून गतिविधियां अपेक्षा से अधिक सक्रिय बनी हुई हैं। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगातार बदलते मौसम के बीच मौसम विभाग ने मंगलवार को 19 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। हालांकि सोमवार को जारी चेतावनी के बावजूद कई इलाकों में मौसम साफ रहा, लेकिन उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया।
सोमवार को बीकानेर, भरतपुर, जयपुर, जोधपुर और उदयपुर संभाग के कई क्षेत्रों में दिनभर उमस भरा मौसम बना रहा। वहीं, बीते 24 घंटों के दौरान बाड़मेर प्रदेश का सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 23 से 26 जून तक प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां प्रभावी रहने की संभावना है। इस दौरान कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। विशेष रूप से बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में मौसम का असर अधिक देखने को मिलने के आसार हैं। इस दौरान 30 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।