बीकानेर: दो कारों की भिडंत, पांच लोग घायल; मामला दर्ज

post 845 (1)

बीकानेर। नोखा, राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर रासीसर के पास हुए सड़क हादसे में पांच लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार इको स्पोर्ट्स कार ने सामने से आ रही स्कोडा रैपिड कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कोडा रैपिड अनियंत्रित होकर पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस संबंध में गौतम पंचारिया ने नोखा थाने में मामला दर्ज करवाया है। रिपोर्ट में बताया कि 21 जून 2026 को वह अपने छोटे भाई पवन, मघाराम पंचारिया, कालूराम पंचारिया और कीर्ति देव पंचारिया के साथ स्कोडा रैपिड कार में नोखा से देशनोक जा रहे थे। कार को पवन चला रहा था।

रासीसर से आगे एनएच-62 पर सामने से आ रही एक इको स्पोर्ट्स कार के चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी कार के ड्राइवर साइड में टक्कर मार दी। दुर्घटना में कार में सवार सभी पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पीबीएम अस्पताल, बीकानेर ले जाया गया।

घायलों में मघाराम पंचारिया और कालूराम पंचारिया को गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात इको स्पोर्ट्स चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।