दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान पर कार्य के दौरान करंट लगने से दो श्रमिकों की मौत

श्रीगंगानगर। शहर के सत्यम नगर क्षेत्र में सोमवार शाम निर्माणाधीन मकान पर काम के दौरान करंट लगने से दो श्रमिकों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब मकान की पहली मंजिल पर छत निर्माण की तैयारी चल रही थी।
जानकारी के अनुसार, सत्यम नगर में पवन कुमार के निर्माणाधीन मकान पर श्रमिक नीचे से लंबा लोहे का सरिया छत पर पहुंचा रहे थे। इसी दौरान एक सरिया मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट लगने से बसंती चौक निवासी 20 वर्षीय संदीप कुमार गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छत पर मौजूद 20 जेड निवासी 65 वर्षीय अमरीक सिंह ने संदीप को बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे अमरीक सिंह को जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जवाहरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। दोनों शवों को राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है। वहीं, जोधपुर डिस्कॉम के सहायक अभियंता पंकज जोशी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं कि मकान के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरने के बावजूद निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम क्यों नहीं किए गए। क्षेत्रवासियों का कहना है कि विद्युत आपूर्ति बंद कराने या अन्य सुरक्षा उपाय अपनाए जाते तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।