बीकानेर : सोशल मीडिया पर युवती से दोस्ती के बाद विवहिता हुई लापता, परिवार ने जताई धर्म परिवर्तन की आशंका

बीकानेर। सोशल मीडिया के माध्यम से हुई पहचान के बाद एक 32 वर्षीय विवाहिता अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ घर छोड़कर चली गई। मामले में परिजनों ने धर्म परिवर्तन की आशंका जताते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार विवाहिता 16 जून को अपनी बेटी के साथ घर से चली गई थी। परिजनों की ओर से गंगाशहर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। जांच के दौरान सामने आया कि महिला एक युवती के साथ बस के जरिए लखनऊ गई थी।
परिजनों का आरोप है कि गाजियाबाद निवासी गुलबहार उर्फ मायरा खान से विवाहिता की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। बताया जा रहा है कि उक्त युवती करीब सात दिन तक बीकानेर में रही और इस दौरान विवाहिता को बेटी सहित अपने साथ जाने के लिए तैयार किया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि लखनऊ जाने के लिए बस टिकट गुलबहार उर्फ मायरा खान की ओर से बुक कराया गया था। बाद में पुलिस ने विवाहिता को लखनऊ में तलाश लिया, लेकिन उसने बीकानेर लौटने से इनकार कर दिया।
परिजनों का कहना है कि मामले में पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही, जिसके चलते उन्होंने न्यायालय में इस्तगासा दायर किया है। वहीं, पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।