Aadhaar Update: UIDAI फ्री कर रहा है आधार मोबाइल ऐप में 1 जुलाई से ईमेल अपडेट की सुविधा, पढ़े खबर

Free Aadhaar Update: भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने आधार धारकों को बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि 1 जुलाई 2026 से आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से ईमेल आईडी अपडेट कराने पर 75 रुपये का शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि यह सुविधा सीमित अवधि के लिए उपलब्ध रहेगी।
आधार कार्ड देश के सबसे महत्वपूर्ण पहचान दस्तावेजों में शामिल है और इसका उपयोग बैंकिंग सेवाओं, सरकारी योजनाओं, डिजिटल प्लेटफॉर्म और विभिन्न सत्यापन प्रक्रियाओं में व्यापक रूप से किया जाता है। ऐसे में यह फैसला करोड़ों आधार उपयोगकर्ताओं के लिए लाभदायक साबित हो सकता है।
क्या है नई व्यवस्था?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूआईडीएआई ने अधिसूचना जारी कर बताया है कि फिलहाल आधार में ईमेल एड्रेस अपडेट करने के लिए 75 रुपये का शुल्क लिया जाता है। लेकिन 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक आधार मोबाइल ऐप के जरिए ईमेल अपडेट कराने वाले उपयोगकर्ताओं से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
ध्यान रहे कि यह छूट केवल आधार मोबाइल ऐप के माध्यम से किए गए ईमेल अपडेट पर ही लागू होगी। अन्य माध्यमों से ईमेल आईडी अपडेट कराने पर निर्धारित शुल्क देना पड़ सकता है।
आधार से ईमेल आईडी जुड़ी होने पर उपयोगकर्ताओं को महत्वपूर्ण सूचनाएं, अपडेट और सेवाओं से संबंधित जानकारी समय पर मिलती रहती है।
ऐसे करें ईमेल आईडी अपडेट:-
ईमेल एड्रेस अपडेट करने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में आधार मोबाइल ऐप इंस्टॉल करें। ऐप में लॉगिन करने के बाद प्रोफाइल सेक्शन में जाकर ‘ईमेल अपडेट’ विकल्प चुनें। इसके बाद नई ईमेल आईडी दर्ज करें और स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपका अनुरोध सबमिट हो जाएगा। उपयोगकर्ता ऐप के जरिए अपने आवेदन की स्थिति भी ट्रैक कर सकेंगे। 1 जुलाई से 31 दिसंबर 2026 तक इस सेवा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
आधार ऐप पर उपलब्ध अन्य सुविधाएं:-
ईमेल अपडेट के अलावा आधार मोबाइल ऐप के जरिए मोबाइल नंबर और पता अपडेट करना, ई-आधार डाउनलोड करना, अपडेट हिस्ट्री देखना और विभिन्न अनुरोधों की स्थिति ट्रैक करना जैसी कई सुविधाएं उपलब्ध हैं। इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए आधार संख्या और उससे लिंक मोबाइल नंबर की आवश्यकता होगी।
यूआईडीएआई का मानना है कि मोबाइल ऐप के माध्यम से आधार सेवाओं को और अधिक आसान, सुरक्षित और डिजिटल बनाया जा सकेगा।