Rajasthan: CBN की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 115 किलो अफीम बरामद, तस्कर गिरफ्तार

दौसा। राजस्थान के दौसा जिले में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक लग्जरी कार से 115.160 किलोग्राम अफीम जब्त की है। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
सीबीएन अधिकारियों के अनुसार, उप नारकोटिक्स आयुक्त निखिल गांधी और विपिन कुमार के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम में निरीक्षक परिक्षित चौधरी, उप निरीक्षक मोहित यादव सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।
जानकारी के मुताबिक, सीबीएन को अफीम की बड़ी खेप ले जाए जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद करीब 2000 किलोमीटर लंबे संभावित रूट पर निगरानी रखी गई। रविवार सुबह आगरा-जयपुर हाईवे पर सिकंदरा टोल प्लाजा के पास झारखंड नंबर की एक लग्जरी कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से तीन बोरियां बरामद हुईं। इनमें रखे 109 पैकेटों से कुल 115.160 किलोग्राम अफीम जब्त की गई। अधिकारियों ने बताया कि तस्करों ने अफीम की गंध छिपाने के लिए कार के अंदर परफ्यूम का छिड़काव किया था, जिससे टीम को संदेह हुआ और गहन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार आरोपी की पहचान फलोदी निवासी मालाराम विश्नोई के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
रविवार को आरोपी को दौसा स्थित एनआई कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। जांच एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही हैं।